Ayodhya News: अयोध्या में चार दिनों में 65 लाख ने किए रामलला के दर्शन

Jan 31, 2025 - 17:54
Jan 31, 2025 - 18:05
Ayodhya News: अयोध्या में चार दिनों में 65 लाख ने किए रामलला के दर्शन
रात भर पहुंचते रहे श्रद्धालु, भोर में जय श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान

Ayodhya News अयोध्या. मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में पुण्य की डुबकी लगाने के बाद शाम से ही श्रद्धालुओं के अयोध्या आने का शुरू हुआ सिलसिला गुरुवार रात तक जारी रहा।

आलम यह रहा कि रातों-रात अयोध्या की सड़कें श्रद्धालुओं से खचाखच भर गईं। भोर होते ही जय श्रीराम के जयकारों से अयोध्या गुंजायमान हो गई। जानकारों के मुताबिक 96 घन्टे में करीब 65 लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंच चुके हैं। उधर, बढ़ती भीड़ देखकर नगर के वरिष्ठ अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया। रातभर पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।

श्रद्धालुओं का सैलाब देख हर कोई अचंभित

प्रयागराज में मौनी अमावस्या पर स्नान करने के बाद श्रद्धालु सीधे रामनगरी पहुंच रहे हैं। आंखों में श्रद्धा व सिर पर गठरी लिए श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा है। भोर में चार बजे से सरयू के घाटों पर स्नान शुरू हो गया। इसके बाद श्रद्धालुओ ने हनुमानगढ़ी व राम मंदिर का रुख किया। रामपथ और भक्तिपथ पर श्रद्धालुओं का सैलाब देख हर कोई अचंभित दिखा। आराध्य के दर्शन पाने को श्रद्धालु देर रात तक कतार बद्ध दिखे।

मंदिर के दर्शन का समय बढ़ाया

अनुमान के मुताबिक राममंदिर व हनुमानगढ़ी में रोजाना तीन लाख श्रद्धालु दर्शन को पहुंच रहे हैं। इसके लिए मंदिर में दर्शन का समय बढ़ाकर लगभग 18 घण्टे कर दिया गया है। वहीं मुयमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या में जिला प्रशासन को समय-समय पर निर्देशित भी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं को राम जन्मभूमि परिसर में पुलिस की तरफ से पानी पिलाया जा रहा है। मंदिर परिसर में मेडिकल कैंप की भी व्यवस्था की गई है। राम मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारी और वालंटियर श्रद्धालुओं की सेवा में तैनात कर दिए गए हैं।

लघु भारत के दर्शन साकार: केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात से श्रद्धालु दर्शन को पहुंचे।