अमरीका: 40 साल में पहली बार संसद के अंदर होगा शपथ ग्रहण समारोह

अमरीका: 40 साल में पहली बार संसद के अंदर होगा शपथ ग्रहण समारोह, भारत के विदेश मंत्री जयशंकर होंगे शामिल ट्रंप की दूसरी पारी आज से, पहले दिन के आदेशों पर नजर

Jan 21, 2025 - 00:07
Jan 21, 2025 - 00:13
अमरीका: 40 साल में पहली बार संसद के अंदर होगा शपथ ग्रहण समारोह

वाशिंगटन. अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप सोमवार को पद की शपथ लेकर वाइट हाउस में अपनी दूसरी पारी की शुरुआत करेंगे। राजधानी में कड़ाके की ठंड (संभावित तापमान -7 डिग्री) के चलते 40 साल बाद राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण समारोह कैपिटल ग्राउंड के बजाय संसद के अंदर कैपिटल रोटुंडा (गुंबद के नीचे मुख्य हॉल) में होगा।

शपथ के बाद राष्ट्रपति ट्रंप अपने पहले भाषण में अपने एजेंडे का खुलासा करने के साथ देश-दुनिया को संदेश देंगे। ट्रंप 1955 में अपनी मां द्वारा दी गई बाइबिल तथा लिंकन बाइबिल के साथ भारतीय समयानुसार रात 10.30 बजे शपथ लेंगे। अमरीका और दुनिया के करीब 500 अति विशिष्ट लोग समारोह के भागीदार बनेंगे।

इनमें निवर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडन, अमरीका के सभी जीवित पूर्व राष्ट्रपतियों के अलावा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, हंगरी के राष्ट्रपति विक्टर ओर्बन, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली तथा अरबपति टेक दिग्गज एलन मस्क, जेफ बेजोस, सुंदर पिचई और मार्क जकरबर्ग शामिल हैं। समारोह में भारत की ओर से विदेश मंत्री एस.जयशंकर शामिल होंगे। समारोह के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम के लिए करीब 30000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

वाशिंगटन पहुंचे, डिनर दिया

शपथ ग्रहण के लिए ट्रंप अपने परिवार के साथ रविवार को वाशिंगटन पहुंच गए। उनकी ओर से आयोजित डिनर में उनके नामित मंत्रियों, गणमान्य लोगों और दुनिया के 100 दिग्गज शामिल हुए। इनमें भारत के रिलांयस समूह के प्रमुख मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी भी मौजूद रहे। उन्होंने ट्रंप के साथ चर्चा भी की।

विरोध में रैली

ट्रंप के सत्तासीन होने से पहले ही उनके एजेंडे के खिलाफ महिला और मानवाधिकार समूहों ने विरोध शुरू कर दिया है। रविवार को लगातार दूसरे दिन हजारों लोगों ने वाशिंगटन में विरोध रैली निकाली और ट्रंप और टेस्ला प्रमुख मस्क के खिलाफ नारे लगाए।

100 फैसलों पर कर सकते हैं हस्ताक्षर वादा किया... अब फैसलों की बारी

‘मेक अमरीका ग्रेट अगेन’ का नारा देकर चार साल बाद दूसरी बार चुनाव जीते ट्रंप पद संभालने के पहले ही दिन करीब 100 कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर करेंगे। उन्होंने कहा कि कम से कम 100 फैसले होंगे। ट्रंप ने पहले कार्यकाल के पहले दिन केवल एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर ओबामाकेयर में बदलाव किया था। ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को भी 24 घंटे में खत्म कराने का वादा किया है।

बाइडन के ये निर्णय बदल सकते हैं...

  • क्यूबा को आतंक प्रायोजक देश का दर्जा हटाना।
  • टिकटॉक पर प्रतिबंध।
  • वेनेजुएला पर प्रतिबंध हटाना।
  • अवैध अप्रवासियों को वापस भेजने की शुरुआत।
  • जन्म से नागरिकता के नियम में बदलाव।
  • कैपिटल हिल दंगाइयों को माफी।
  • मैक्सिको, कनाड़ा और चीन पर अतिरिक्त आयात शुल्क।
  • पेरिस जलवायु समझौते से अलग होना और तेल ड्रिलिंग को अनुमति।

संबंधित@इंडियावर्ल्ड