चंद्रमा भी खतरे की धरोहर सूची में

Jan 19, 2025 - 21:32
Jan 19, 2025 - 21:35
चंद्रमा भी खतरे की धरोहर सूची में

न्यूयॉर्क. चंद्रमा को पहली बार धरोहर स्थलों की खतरे वाली सूची में शामिल किया गया है। वर्ल्ड मॉन्यूमेंट्स फंड नामक एक गैर-लाभकारी संगठन हर साल खतरे में पड़ रही सांस्कृतिक विरासत स्थलों की सूची जारी करता है।

इस साल इस सूची में मंदिरों, कब्रिस्तानों और इलाकों जैसी जगहों के साथ साथ पृथ्वी के एकमात्र प्राकृतिक उपग्रह चंद्रमा को भी इस सूची में शामिल किया गया है। समूह ने चेतावनी दी है कि आने वाले वर्षों में चंद्रमा पर 90 से अधिक महत्त्वपूर्ण स्थलों को नुकसान हो सकता है।

ट्रैंक्विलिटी बेस को पहुंचेगा नुकसान 

डर है कि अंतरिक्ष में मौजूद कचरे से न सिर्फ चांद की सतह खराब हो सकती है, बल्कि चांद पर ऐसी जगहें भी खत्म हो सकती हैं जो हमारे इतिहास से जुड़ी हैं और बहुत खास हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरिक्ष में जाने के बढ़ते चलन और देशों के चांद पर मिशन भेजने से सबसे अधिक नुकसान की आशंका चंद्रमा पर मौजूद ट्रैंक्विलिटी बेस की है। यह वह स्थान है जहां अंतरिक्ष यात्री नील आर्मस्ट्रांग ने पहली बार चंद्रमा की सतह पर कदम रखा था।

चंद्रमा को सुरक्षा की जरूरत

बदलते समय के साथ मनुष्य अंतरिक्ष में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। हमें चंद्रमा की सुरक्षा के लिए खुद को संगठित करने की आवश्यक है।   -बेनेडिक्ट डी मोंटलौर, वर्ल्ड मॉन्यूमेंट्स फंड